दिशा समिति की बैठक में नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष ने उठाई शराब दुकान स्थानांतरण सहित जनहित की कई महत्वपूर्ण मांगें,

BHUPENDRA SINHA

June 25, 2026

गरियाबंद :- जिला पंचायत सभाकक्ष गरियाबंद में आज महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने नगर एवं क्षेत्र की जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए अस्पताल में जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना तथा नागरिकों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु योगा शेड निर्माण की आवश्यकता बताई।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने आकस्मिक मृत्यु अथवा अन्य परिस्थितियों में शव संरक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मरचूरी फ्रीजर बॉक्स प्रदान किए जाने की मांग भी रखी। इसके अतिरिक्त नगरवासियों के मनोरंजन एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गार्डन निर्माण तथा युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच निर्माण की मांग की गई।

बैठक में मुख्य सड़क किनारे संचालित शराब दुकान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अध्यक्ष ने कहा कि सड़क किनारे शराब दुकान संचालित होने से महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है। उन्होंने जनहित एवं सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की।

बैठक में सांसद, क्षेत्रीय विधायक, कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न नगरीय निकायों के अध्यक्षगण तथा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में इन सभी विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment