ग्राम पंचायत इरईकला में जनप्रतिनिधि तुलसी साहू ने किसानों के साथ खेत में लगाया रोपा, बांटा गुलगुला
डोंगरगढ़: विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत इरईकला में उस समय अनोखा और आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब जनपद सदस्य तुलसी साहू ने सीधे खेतों में पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात की।
जनपद सदस्य तुलसी साहू ने खेत की मेढ़ों पर खड़े होकर ग्रामीणों से उनका हालचाल जाना और कृषि कार्य व स्थानीय समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। इस दौरान जब खेत में काम कर रही महिलाओं और किसानों ने उनसे रोपा लगाने का आग्रह किया, तो वे मना नहीं कर सकीं। ग्रामीणों के प्यार और जिद को देखते हुए तुलसी साहू खुद कीचड़ भरे खेत में उतरीं और स्थानीय महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर रोपा लगाया।
रोपा लगाने के बाद ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रेमपूर्वक घर का बना पारंपरिक व्यंजन ‘गुलगुला’ भेंट किया। तुलसी साहू ने सभी के साथ हंसी-खुशी के माहौल में बैठकर गुलगुला खाया और ग्रामीणों के स्नेह का आभार व्यक्त किया।