
बलौदाबाजार। बदलते प्रशासनिक दौर में जब नए चेहरे जिम्मेदारी संभालते हैं, तब सबसे बड़ी परीक्षा सिर्फ कानून लागू करने की नहीं, बल्कि लोगों का विश्वास जीतने की होती है। इसी विश्वास की बुनियाद को मजबूत करने की पहल शुक्रवार को तब देखने मिली, जब सतनामी समाज का प्रतिनिधिमंडल जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री राय गौरव रामप्रवेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री खोमन सिन्हा से सौजन्य मुलाकात के लिए पहुंचा।
यह मुलाकात महज औपचारिक शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही। पुष्पगुच्छ के साथ बाबा गुरुघासीदास जी का छायाचित्र भेंट कर समाज ने साफ संदेश दिया कि न्याय, समानता, शांति और सत्य के रास्ते पर चलकर ही जिले में मजबूत सामाजिक वातावरण बनाया जा सकता है।
बंद कमरे में हुई चर्चा का केंद्र केवल सुरक्षा व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास की उस डोर को मजबूत करना था, जो किसी भी शांतिपूर्ण जिले की सबसे बड़ी ताकत होती है। प्रतिनिधियों ने समाज से जुड़े विषयों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव रखे, वहीं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और निष्पक्ष पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं होती, बल्कि जागरूक समाज भी इसमें बराबर का भागीदार होता है। इसी सोच के साथ उन्होंने हर सकारात्मक पहल में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विक्रम राय गुरुजी, चरणदास तेहरवंश, भुवनेश्वर डहरिया, श्री लोचन बांधे, संदीप घृतलहरे, उदय बंजारे सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन और युवा उपस्थित रहे।
खबर की बात
यह मुलाकात केवल नए अधिकारियों के स्वागत की नहीं थी, बल्कि उस साझेदारी की शुरुआत थी जिसमें पुलिस और समाज दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर यह संदेश दिया कि बलौदाबाजार की पहचान अब केवल कानून व्यवस्था से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता से भी बनेगी।