साजा में विधायक निधि से ‘कंप्यूटर खरीद’ में बड़ा घोटाला, बिना मांग 4 गुना अधिक कीमत पर सप्लाई का आरोप

BIRENDRA KUMAR SEN

July 31, 2026

साजा में विधायक निधि से ‘कंप्यूटर खरीद’ में बड़ा घोटाला, बिना मांग 4 गुना अधिक कीमत पर सप्लाई का आरोप

बेमेतरा (छत्तीसगढ़): साजा विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में विधायक निधि के पैसों की कथित बंदरबांट का एक बड़ा मामला सामने आया है। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले सरकारी स्कूलों का जरिया बनाकर विधायक निधि से करीब 1 करोड़ रुपये के कंप्यूटर खरीदी घोटाले का आरोप लगा है।

मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान साजा विधानसभा क्षेत्र के लगभग 40 शासकीय स्कूलों में विधायक निधि के तहत कंप्यूटर सेट की सप्लाई की गई थी। प्रत्येक सेट में 3 कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और यूपीएस शामिल हैं।

  • सप्लाई का बिल: प्रति सेट ₹2,50,000 (ढाई लाख रुपये)।

  • बाजार में वास्तविक कीमत: लगभग ₹60,000 से ₹65,000 प्रति सेट।

  • गड़बड़ी का अंतर: प्रति सेट लगभग 4 गुना अधिक कीमत दर्शाकर करीब 70 लाख रुपये से अधिक के वित्तीय अंतर का आरोप है।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नवागांवकला, केहका, केसतरा, खाती और बीजा सहित दर्जनभर से अधिक स्कूलों के प्राचार्यों के अनुसार, उन्होंने कभी भी कंप्यूटर की मांग का कोई पत्र जारी नहीं किया था।

अधिकांश ग्रामीण स्कूलों में सुरक्षित कंप्यूटर लैब या आवश्यक अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) का अभाव है। नतीजतन, ये कंप्यूटर इस्तेमाल में आने के बजाय अलमारियों, स्टोर रूम और क्लासरूम के कोनों में बंद पड़े धूल खा रहे हैं और बच्चों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।

“सार्वजनिक धन का खुला दुरुपयोग”

“यह विधायक निधि के सार्वजनिक धन का सीधा दुरुपयोग है। जो पैसा जनता की मूलभूत समस्याओं को दूर करने में खर्च होना चाहिए था, उसे बिना मांग और जरूरत के कंप्यूटर खरीदकर कमरों में सड़ने के लिए गंवा दिया गया।”

आशीष छाबड़ा, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस (बेमेतरा)

“यह मामला अभी का नहीं, 2024-25 का है। हमारे पास स्कूलों से कंप्यूटर की मांग आई थी, जिसके आधार पर ही कलेक्टर को पत्र लिखा गया था। जिसे भी शिकायत है, वह जांच करवा ले, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”

ईश्वर साहू, विधायक, साजा विधानसभा

मामले को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने त्वरित संज्ञान लिया है और 4 सदस्यीय जांच टीम का गठन कर दिया है। यह टीम प्रभावित स्कूलों का भौतिक सत्यापन करेगी, सप्लाई की गई सामग्रियों तथा बिलों की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी साजा विधानसभा क्षेत्र में प्रार्थना शेड और यात्री प्रतीक्षालय निर्माण जैसे विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment