रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देह व्यापार के दो अड्डों पर एक साथ छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग बालिकाओं का रेस्क्यू

BIRENDRA KUMAR SEN

July 31, 2026

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देह व्यापार के दो अड्डों पर एक साथ छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग बालिकाओं का रेस्क्यू

रायगढ़ CG NEWS। रायगढ़ पुलिस ने शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार के दो अड्डों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में दो महिला संचालिकाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराकर काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में साइबर, कोतवाली और जूटमिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

लालटंकी में छापा, नाबालिगों का रेस्क्यू

मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने पहले एक पाइंटर ग्राहक भेजा और संकेत मिलते ही टीम ने दबिश दी।

मौके से मकान संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46) और ग्राहक ऋषभ शर्मा (24) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 1,500 रुपये की चिन्हित राशि, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग बालिकाओं को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पूछताछ में संचालिका ने मकान में लंबे समय से देह व्यापार संचालित करना स्वीकार किया। आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

इसी दौरान साइबर और जूटमिल थाना पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक अन्य मकान में भी छापा मारा। यहां मकान संचालिका सुनीता मेहर (48) तथा ग्राहक अभय सिंह (42) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को बताया कि वे देह व्यापार के उद्देश्य से वहां आई थीं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

 

दोनों मामलों में गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने रेस्क्यू की गई नाबालिग बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों तथा अनैतिक देह व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों एवं गिरोहों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

मुख्य बिंदु
🚨 लालटंकी और मिट्ठूमुड़ा में एक साथ पुलिस की छापेमारी।
👮‍♀️ दो महिला संचालिकाओं सहित 4 आरोपी गिरफ्तार।
🛑 दो नाबालिग बालिकाओं का सुरक्षित रेस्क्यू।
⚖️ पॉक्सो अधिनियम और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई।
📢 एसएसपी ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रखने की बात कही।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment