देवगढ़ वन परिक्षेत्र में अवैध कटाई तेज, नए रेंजर के कार्यकाल पर उठे सवाल

SARJU PRASAD SAHU

May 13, 2026

कोरिया जिले के जंगलों में हरियाली पर संकट, ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला अंतर्गत देवगढ़ वन परिक्षेत्र के जंगलों में इन दिनों अवैध कटाई का मामला तेजी से चर्चा में है। क्षेत्रीय ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार नए रेंजर के पदभार संभालने के बाद से जंगलों में हरे-भरे वृक्षों की कटाई ने फिर रफ्तार पकड़ ली है।

जानकारी के मुताबिक भैसवार, अगला सरई, तर्रा और बसेर के जंगलों में बड़े पैमाने पर कीमती वृक्षों की कटाई की जा रही है। आरोप है कि लकड़ी माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय होकर वन संपदा को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि वन विभाग का अमला अवैध कटाई रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर कटे हुए विशाल पेड़ जंगलों में ही पड़े हुए हैं। वन विभाग न तो उन्हें अपने कब्जे में ले पा रहा है और न ही सुरक्षा सुनिश्चित कर पा रहा है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वन नियमों के अनुसार अवैध कटाई की सूचना मिलने पर संबंधित लकड़ी और कटे वृक्षों को तत्काल विभागीय कब्जे में लेकर पंचनामा एवं वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन देवगढ़ वन परिक्षेत्र में ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही अवैध कटाई से पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और वन संपदा के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ती जा रही है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment