बसना। ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया और जर्जर सड़क को लेकर उठाई गई जनआवाज का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने और मामले को प्रमुखता से उठाने के बाद खबर प्रकाशन के महज 48 घंटे के भीतर पुलिया की अस्थायी मरम्मत कर दी गई।
बताया गया कि कुछ दिनों पूर्व प्रकाश सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर सड़क और पुलिया की खराब स्थिति का निरीक्षण किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका और आवागमन में हो रही परेशानियों से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल जिला कलेक्टर महासमुंद एवं संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत, पुलिया निर्माण और जांच की मांग की थी।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और क्षतिग्रस्त पुलिया की अस्थायी मरम्मत कर आवागमन बहाल कराया। मुख्यमंत्री सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल मरम्मत कार्य कराया गया है। साथ ही सड़क के पूर्ण नवीनीकरण एवं नई पुलिया निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
इस त्वरित कार्रवाई पर सभापति प्रकाश सिन्हा ने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जनहित के मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थायी समाधान के रूप में नई पुलिया एवं सड़क निर्माण को स्वीकृति मिलेगी, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।