छुरा–गरियाबंद मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की प्रक्रिया तेज, ₹164.09 करोड़ की राशि का प्रावधान,

BHUPENDRA SINHA

August 12, 2026

नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने लोक निर्माण विभाग एवं विधायक रोहित साहू का जताया आभार,

छुरा/ गरियाबंद:-  छुरा से गरियाबंद मुख्य सड़क मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। लोक निर्माण विभाग, संभाग गरियाबंद द्वारा जारी पत्र के अनुसार गरियाबंद–छुरा–कोमाखान राज्य मार्ग के 41.00 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य को वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल किया गया है।

विभागीय पत्र में बताया गया है कि उक्त कार्य के लिए ₹16,409.28 लाख (लगभग ₹164.09 करोड़) की राशि का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर प्रशासकीय स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग के उच्च कार्यालय को भेजा गया है। वर्तमान में इसकी प्रशासकीय स्वीकृति अपेक्षित है। स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की बात विभाग ने कही है।

यह जानकारी छुरा से गरियाबंद मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद द्वारा किए गए प्रयासों के संदर्भ में सामने आई है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग, जिला गरियाबंद के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि छुरा–गरियाबंद मुख्य सड़क मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन और सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस मांग को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा कार्य को गति देने में सहयोग के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू का भी विशेष आभार व्यक्त किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि “छुरा के विकास के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा। विकसित, स्वच्छ एवं सुंदर छुरा हमारा संकल्प है।”

इस सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से छुरा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी और क्षेत्र के आर्थिक एवं व्यावसायिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment