तिरंगा बाइक रैली निकाल शहीद महेन्द्र ध्रुव को दी श्रद्धांजलि,

BHUPENDRA SINHA

August 11, 2026

गांधी चौक से कोसमबुड़ा शहीद चौक तक गूंजे देशभक्ति के नारे, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लहराया तिरंगा

छुरा / गरियाबंद :- स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भाजपा मंडल छुरा के आह्वान पर मंगलवार को नगर में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। गांधी चौक से शुरू हुई रैली में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से नगर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।

तिरंगा बाइक रैली गांधी चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोसमबुड़ा स्थित शहीद चौक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने वीर शहीद महेन्द्र ध्रुव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने शहीद की शहादत को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता राजेश साहू, पारस ठाकुर, खोमन चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य लेखू ध्रुवा एवं रामलाल कुलदीप ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनसमुदाय को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

वक्ताओं ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। शहीद महेन्द्र ध्रुव जैसे वीर सपूतों की शहादत देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में आगे आने और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

रैली में भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद, पंच-सरपंच, विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ लुकेश्वरी निषाद, थान सिंह, इमरान मेमन, नरेंद्र तिवारी, बलराज, भोलेशंकर, चुन्नी सोनी, चित्ररेखा, धर्मेंद्र चन्द्राकर, लीना दुबे सहित बड़ी संख्या में युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

तिरंगे से सजी सैकड़ों बाइकों के साथ निकली रैली नगर में आकर्षण का केंद्र रही। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment