पलारी में योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास: सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में नियमित योग का दिया संदेश

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

June 21, 2026

पलारी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर  नगर पंचायत पलारी और योग परिवार पलारी के संयुक्त तत्वावधान में सिद्धेश्वर मंदिर बालसमुंद परिसर में सामूहिक योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला बताते हुए नियमित रूप से योग करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहु, उपाध्यक्ष पिंटु वर्मा, एसडीएम दीपक निकुंज, थाना प्रभारी परिवेश तिवारी, सीईओ मनोज बंजारा, योग प्रशिक्षक राजकुमार यदु और योग शिक्षिका हेमलता कन्नौजे सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग शिविर का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों और योग साधकों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। योग प्रशिक्षक राजकुमार यदु ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीथ, ताड़ासन, वृक्षासन और भूमासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है। वहीं योग शिक्षिका हेमलता कन्नौजे ने सूक्ष्म व्यायाम के साथ मंडूकासन, वज्रासन, भद्रासन, मयूरासन, उष्ट्रासन और भुजंगासन जैसे आसनों के फायदे बताए।

रोज एक घंटा योग करें, बीमारियों से बचेंगे : गोपी साहु

नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहु ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि लोग प्रतिदिन एक घंटा योग करें तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि “योग नहीं करेंगे तो दवाइयां चलेंगी”, इसलिए हर व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर का संचालन फत्तेसेन ने किया। इस दौरान नगरवासियों को शारदा मंदिर परिसर स्थित दीप गार्डन में प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे संचालित होने वाली नि:शुल्क योग कक्षाओं से जुड़ने की अपील भी की गई। कार्यक्रम में पार्षद लेखराम वर्मा, नेमसिंग बांधे, भुषण ठेठवार, डोमार वर्मा, नारायण धीवर, देवेंद्र वर्मा बंटी, रवि ध्रुव, भूमिका वर्मा, कृष्णा देवांगन, ताजेंद कन्नौजे सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, प्रबुद्धजन, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, योग साधक और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment