छुरा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का व्हाट्सएप हुआ हैक, परिचितों से 20-30 हजार रुपये मांगने के भेजे जा रहे संदेश,

BHUPENDRA SINHA

June 21, 2026

छुरा/गरियाबंद :- छुरा विकासखंड से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशुन लाल मतावले का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। हैकर उनके मोबाइल नंबर से जुड़े संपर्कों को मैसेज भेजकर 20 से 30 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी तब सामने आई जब उनके परिचितों को उनके व्हाट्सएप नंबर से पैसों की मांग वाले संदेश मिलने लगे। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दी।

इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशुन लाल मतावले ने बताया कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है और उनके नंबर से कई लोगों को पैसे मांगने के संदेश भेजे गए हैं। उन्होंने अपने सभी परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी पैसे संबंधी संदेश पर विश्वास न करें और ऐसे मैसेज को नजरअंदाज करें।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस थाने में भी की जाएगी, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की अपील

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को उनके व्हाट्सएप नंबर से रुपये मांगने या किसी प्रकार का संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो वह बिना पुष्टि किए किसी भी प्रकार का भुगतान न करें और इसकी जानकारी तत्काल उन्हें या पुलिस को दें।

साइबर ठगी से रहें सावधान

लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी परिचित के नाम या नंबर से पैसे मांगने वाले संदेश मिलने पर पहले फोन कर सत्यापन अवश्य करें, ताकि ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment