खुर्सीपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक महीने से फरार 3 महिला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
भिलाई | दुर्ग: खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने और लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रही तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में कुछ लोग धारदार हथियार लेकर उत्पात मचा रहे थे और आम नागरिकों को धमका रहे थे। सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अमजद देवार (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 191, 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने मंगलवार को तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी समूह बनाकर धारदार हथियारों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते थे और खुद को इलाके का प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास करते थे।
घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार पूर्व की कार्रवाई के दौरान ही पुलिस द्वारा जब्त किए जा चुके हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट एवं उनकी टीम द्वारा की गई। मामले में अन्य आरोपियों के संबंध में भी पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई व्यक्ति हथियार लेकर उत्पात मचाता है, लोगों को धमकाता है या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।