। जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद द्वारा आधार बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update-MBU) को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को आधार अपडेट की प्रक्रिया, आवश्यकता एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं UIDAI के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
UIDAI अधिकारियों ने बताया कि 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। निर्धारित अवधि के बाद अपडेट कराने पर शुल्क देय होगा। इसलिए सभी अभिभावकों से समय रहते बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा आधार मशीन की व्यवस्था भी की गई थी, जहां बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया संचालित की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में 22 जून से 30 सितंबर 2026 तक विशेष आधार बायोमेट्रिक अपडेट शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
UIDAI छत्तीसगढ़ के अधिकारी खुर्शीद आलम ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आधार बायोमेट्रिक अपडेट की अनिवार्यता एवं इसके भविष्य में होने वाले उपयोगों की जानकारी देते हुए कहा कि समय पर अपडेट कराया गया आधार विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइकिल वितरण भी किया गया तथा शिक्षा, छात्र कल्याण और आधार जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
आधार ऑपरेटरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
आधार गाइड ने UIDAI, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आधार ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि बायोमेट्रिक अपडेट के दौरान बच्चे का नाम, आधार संख्या एवं फोटो का सावधानीपूर्वक सत्यापन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में एक बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट दूसरे बच्चे के आधार नंबर पर नहीं होना चाहिए। ऐसी त्रुटि होने पर गंभीर शिकायतें एवं रिकॉर्ड सुधार की जटिल प्रक्रियाएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए आधार ऑपरेटरों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए।
जिला प्रशासन एवं UIDAI ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित शिविरों में पहुंचकर अपने बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।