बिलासपुर। 5 अगस्त 2026जिले के ग्राम जोगीपुर में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण्य का बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गौवंश के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ अभ्यारण्य में चारा, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समय पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंश के संरक्षण और देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने गौ अभ्यारण्य की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए चारों ओर फेंसिंग का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फेंसिंग पूरी होने से गौवंश सुरक्षित रहेगा और आसपास के किसानों की फसलों को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत ग्राम जोगीपुर में निर्माणाधीन यह गौ अभ्यारण्य लगभग 184 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके प्रथम चरण के विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कोटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जोगीपुर में विकसित हो रहा यह गौ अभ्यारण्य जिले में गौ संरक्षण और पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कलेक्टर के निरीक्षण और दिए गए निर्देशों से उम्मीद है कि निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और गौवंश के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त अभ्यारण्य जल्द तैयार होगा।