
भवानीपुर । विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत गिधपुरी में आयोजित सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 1722 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1656 मांग पत्र एवं 63 शिकायत आवेदन शामिल रहे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खपरी (भ.), गिधपुरी, देवगांव, मोहगांव, तेलासी, मलपुरी, मोहन, बिजराडीह, बोहारडीह, हरिनभट्ठा, सुंदरावन, गेतरा, जर्वे, गाड़ा कुसमी, चरौदा और बम्हनी सहित आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
इधर, ग्राम पंचायत खपरी (भ.) के आश्रित ग्राम तमोरी के ग्रामीण वर्षों पुरानी मांग को लेकर शिविर में पहुंचे। ग्रामीणों ने तमोरी को स्वतंत्र ग्राम पंचायत बनाने की मांग दोहराई। हालांकि जिला प्रशासन और मंत्री स्तर के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति से ग्रामीण मायूस नजर आए। आवेदन सौंपने के बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद शिविर स्थल पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने की आशंका के चलते कई लोग आवेदन जमा कर तत्काल घर लौट गए। यह व्यवस्था कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बनी रही।
कार्यक्रम में पूर्व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष योगेश चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन बिहारी वर्मा, दुर्गा महेश्वरी, ओमप्रकाश चंद्रवंशी, तेजराम वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता भीम यादव, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, मंडल अध्यक्ष मिथिलेश मुकेश साहू, विजय कुमार कोसले, पवन वर्मा, निर्मल रजक, प्रभा कोसले, जनार्दन वर्मा, कृष्ण आजाद, चरण कोसले, सरपंच कौशलेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।