पिथौरा। शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित श्री गोविंद कमला गौधाम कप रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन रोमांचक मुकाबला खेला गया। मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा, अध्यक्षता कुलजीत आजमानी एवं विशेष अतिथि विजय गुप्ता की उपस्थिति में मैच की शुरुआत हुई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिट्टू इलेवन ने 8 विकेट पर 136 रन बनाए। जवाब में नूतन कार की टीम 97 रन पर सिमट गई। इस तरह बिट्टू इलेवन ने 39 रनों से जीत दर्ज की।
बिट्टू इलेवन के खिलाड़ी फहद दयाला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मैदान में हारने वाला फिर जीत सकता है, लेकिन मन से हारने वाला कभी नहीं जीतता।
आयोजन मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष भोजराज डडसेना ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना है। आयोजन को सफल बनाने में कई सदस्यों का योगदान रहा।