भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता पीएम आवास: पिथौरा के ग्राम ठाकुरदिया सरपंच पर वसूली का आरोप

BIRENDRA KUMAR SEN

May 13, 2026

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता पीएम आवास: पिथौरा के ग्राम ठाकुरदिया सरपंच पर वसूली का आरोप

पिथौरा | महासमुंद जिले के पिथौरा तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत ठाकुरदिया में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में बड़े भ्रष्टाचार और उगाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच मनोज सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आवास की अगली किस्त जारी करने के बदले प्रत्येक हितग्राही से 10 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है।

​योजना के पात्र हितग्राहियों का कहना है कि सरपंच मनोज सिन्हा द्वारा खुलेआम पैसों की मांग की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जो व्यक्ति उन्हें 10 हजार रुपये नहीं देगा, उसकी अगली किस्त रोक दी जाएगी। इस धमकी के कारण गरीब हितग्राही मानसिक और आर्थिक दबाव में हैं।

​प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य निर्धन परिवारों को छत मुहैया कराना है, लेकिन ठाकुरदिया में यह योजना जनप्रतिनिधि की कथित मनमानी की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इतनी बड़ी राशि रिश्वत के रूप में दे सकें। सरपंच के इस अड़ियल रवैये से निर्माण कार्य भी अधर में लटकने की आशंका है।

“हम गरीब लोग बड़ी मुश्किल से अपना घर बना रहे हैं। अगर किस्त रोक दी जाएगी तो काम कैसे पूरा होगा? सरपंच द्वारा इस तरह पैसे मांगना सरासर गलत है।”पीड़ित हितग्राही (ग्राम ठाकुरदिया)

​यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत पिथौरा के अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी सरपंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।

नोट- विडियो में हितग्राही के बयानों के आधारित समाचार बनाया गया है

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment