उड़नदस्ता दल की कार्रवाई, 48 बोरी अवैध उर्वरक जब्त, तीन केंद्रों को नोटिस कृषि आदान विक्रय केंद्र में अनियमितता मिलने पर दुकान सील, कालाबाजारी रोकने प्रशासन की सख्त कार्रवाई

TEJASWI NATH SONI

June 9, 2026

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 बोरी अवैध उर्वरक जब्त किया गया। साथ ही विभिन्न कृषि आदान केंद्रों में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

नोडल अधिकारी एन.के. भारद्वाज के नेतृत्व में विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम कैलाशगढ़ स्थित अतुल ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना पॉस मशीन के अवैध रूप से 48 बोरी उर्वरक का भंडारण पाया गया। इसके अलावा विक्रय केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों का उचित संधारण नहीं किया गया था तथा उपलब्ध स्टॉक एवं मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी।

अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए उड़नदस्ता दल ने मौके पर उपलब्ध 48 बोरी उर्वरक जब्त कर दुकान को सील कर दिया तथा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विभाग द्वारा बताया गया कि जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में ग्राम लवन स्थित श्री पांडे ट्रेडर्स एवं मेसर्स सुनील कुमार तिवारी का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों में स्टॉक एवं मूल्य सूची अद्यतन नहीं पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

विकासखंड पलारी में उर्वरक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा द्वारा संचालित निरीक्षण के दौरान कृषि सेवा केंद्र में स्टॉक सूची अद्यतन नहीं होने के कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं किसान सेवा केंद्र, पलारी द्वारा उर्वरक भंडारण एवं वितरण संबंधी अपूर्ण जानकारी विभाग को उपलब्ध कराए जाने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा ग्राम ओड़ान स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का निरीक्षण कर समिति प्रबंधक को शासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही उर्वरक विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी रोकने के लिए जिलेभर में निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment