फोरलेन पर बढ़ती लूटपाट के खिलाफ शिवसेना ने उठाई आवाज, एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर बढ़ाई गश्त की मांग

SARJU PRASAD SAHU

June 9, 2026

जांजगीर-चांपा। बिलासपुर फोरलेन मार्ग पर लगातार बढ़ रही लूटपाट और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिवसेना जिला इकाई जांजगीर-चांपा ने पुलिस प्रशासन के समक्ष चिंता जाहिर करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम उप पुलिस अधीक्षक (एसडीओपी) कश्यप को ज्ञापन सौंपकर फोरलेन मार्ग पर रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

शिवसेना जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा ने बताया कि जांजगीर से अर्जुनी टोल नाका तक फोरलेन सड़क पर रात के समय कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। आरोप है कि ये लोग महिलाओं को सड़क पर खड़ा कर वाहनों को रुकवाने का प्रयास करते हैं। वाहन रुकते ही चालक और यात्रियों को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया जाता है तथा उनसे लूटपाट की जाती है। इस प्रकार की घटनाओं से आम नागरिकों, वाहन चालकों और यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

उन्होंने कहा कि फोरलेन मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण अपराधी तत्व इसका फायदा उठा रहे हैं। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है।

शिवसेना द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि फोरलेन मार्ग पर नियमित रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मार्ग पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित कर राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उप पुलिस अधीक्षक कश्यप ने मामले को गंभीर बताते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फोरलेन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिस गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

इस दौरान शिवसेना जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा, महिला सेना जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) कविता धीवर, जिला महासचिव रामावतार कश्यप, जिला उपाध्यक्ष संतोष सारथी, पामगढ़ विधानसभा अध्यक्ष गीतेश यादव, पामगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष गोपी यादव, जांजगीर नगर अध्यक्ष अरमान शर्मा, जिला सचिव दीपा मरावी, रिया सीतादेवी धीवर, नीरा ज्योति, पूजा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment