विष्णु देव सरकार में किसान ठगा सा महसूस कर रहा,एक एकड़ में एक बोरी यूरिया का फैसला किसान विरोधी : मोक्ष कुमार प्रधान
महासमुंद/बसना। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों को एक एकड़ में केवल एक बोरी यूरिया देने के फैसले पर कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश का किसान अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है और सरकार खेती-किसानी की वास्तविक जरूरतों को नजरअंदाज कर रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि खेती की जरूरतें सरकारी कागजों से नहीं, बल्कि खेत की वास्तविक परिस्थितियों से तय होती हैं। पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने से फसल उत्पादन प्रभावित होगा, जिसका सीधा असर किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को समझने में असफल साबित हो रही है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार के मंत्रिमंडल में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो किसानों की पीड़ा को समझ सके। किसान पहले से मौसम की मार, बढ़ती महंगाई और खेती की बढ़ती लागत से परेशान है, ऐसे में यूरिया वितरण पर प्रतिबंध जैसे फैसले किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस फैसले को वापस नहीं लिया और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार पर्याप्त यूरिया उपलब्ध नहीं कराया, तो किसानों में भारी आक्रोश पैदा होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। कांग्रेस शासनकाल में किसानों को राहत देने वाले कई फैसले लिए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार किसान हितैषी होने का केवल दिखावा कर रही है। आज किसान खुद को परेशान और निराश महसूस कर रहा है।
अंत में मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा,
जिस देश का किसान कमजोर होता है, उस देश की अर्थव्यवस्था भी कमजोर हो जाती है। किसान को मजबूर मत बनाइए।