अमरकोट। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकोट में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” विषय पर दुर्गावाहिनी टीम द्वारा एक प्रभावशाली जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त जीवन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आत्मसात किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना रहा।
कार्यक्रम की रूपरेखा दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका ललिता सिदार एवं प्रखण्ड सह-संयोजिका विमला दास ने प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। सही दिशा, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन से ही युवा भारत को प्रगति के पथ पर ले जा सकते हैं।
मुख्य वक्ता व्यायाम शिक्षिका शुभ्रा डडसेना ने नशे के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरनेट, सोशल मीडिया और सामाजिक परिवेश में बढ़ते नशे के प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा व प्रतिभा को नष्ट कर देता है।
विश्व हिंदू परिषद की जिला संयोजिका एवं समाजसेविका डॉ. अनिता चौधरी ने विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को नशामुक्त रहने तथा स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वदेशी और स्वच्छ जीवनशैली से स्वास्थ्य के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम का संचालन हेमंत कुमार दीवान ने प्रभावी ढंग से किया। विद्यालय के प्राचार्य नारायण भोई, शिक्षक बसुदेव पटेल एवं खेल शिक्षक ईश्वर लाल राउत की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्राचार्य भोई ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और स्वस्थ आदतें विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने “नशा मुक्त भारत” का संकल्प लेते हुए जागरूक और विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का प्रण किया। दुर्गावाहिनी द्वारा आयोजित यह आयोजन अमरकोट के युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, राष्ट्रप्रेम और स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत प्रेरणा बनकर उभरा।