बलौदाबाजार 15 दिसंबर 2025 कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार मनोविकास केंद्र बलौदाबाजार में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक दिवसीय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रसिद्ध न्यूरोसाइकियाट्रिस्ट डॉ. सुरभि दुबे की उपस्थिति में बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य एवं विकासात्मक मूल्यांकन किया गया।
चिकित्सा शिविर के दौरान उन बच्चों की जांच की गई जिन्हें मानसिक स्वास्थ्य अथवा मनोरोग संबंधी परामर्श की आवश्यकता थी। बच्चों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक दवाइयां, चिकित्सकीय सलाह तथा उपयुक्त मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर माता-पिता ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
डॉ. दुबे ने अभिभावकों के साथ संवाद बैठक कर बच्चों के विकासात्मक चरणों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया। उन्होंने घर पर बच्चों को बेहतर सहयोग देने के व्यावहारिक उपाय साझा किए तथा सकारात्मक, संवेदनशील और सहयोगात्मक पालन-पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। अभिभावकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उनकी आवश्यकता के अनुरूप समाधान भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित मनोविकास केंद्र विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समग्र विकास हेतु एक अत्याधुनिक दिव्यांग पुनर्वास केंद्र है। यहां शिक्षा, चिकित्सा, विभिन्न थेरेपी एवं खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक कौशल का विकास किया जाता है। साथ ही माता-पिता को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर बच्चों के लिए संवेदनशील और सहयोगी वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।