महासमुंद/बसना। बसना, पिरदा, पिथौरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से लगातार हुई अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह का माहौल है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई और रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।
बसना विधानसभा के कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि इस वर्ष समय पर हुई वर्षा किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश ने किसानों की उम्मीदें बढ़ाई हैं, लेकिन डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की कमी उनकी चिंता का कारण बन गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर वर्ष किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है। किसानों को एक समिति से दूसरी समिति तक भटकना पड़ रहा है और कई स्थानों पर घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो अच्छी बारिश का पूरा लाभ नहीं मिल सकेगा। खेत और किसान दोनों तैयार हैं, लेकिन उर्वरकों की कमी खेती-किसानी की गति को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए किसानों की आवश्यकताओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि बसना, पिरदा, पिथौरा सहित पूरे महासमुंद जिले की सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय पर खेती का कार्य पूरा कर सकें।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की लड़ाई हमेशा लड़ती रही है और आगे भी उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खाद संकट का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।