जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं और जिनका ड्राइविंग लाइसेंस तीन बार निलंबित हो चुका है, उनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने और नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल करने, निर्माणाधीन सड़कों एवं पुल-पुलियों का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा निर्माण स्थलों पर रेडियम पट्टी एवं चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस एवं खनिज विभाग को संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायल लोगों की जान बचाने में साहस और मानवता का परिचय देने वाले ‘राह वीर’ नागरिकों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।
बैठक में जिला वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।