पलारी ब्लॉक के सीतापार में जर्जर स्कूल:2 कमरों में संचालित हो रहीं 5 कक्षाएं, दोनों बोरिंग बंद

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

July 1, 2026

सीतापार /रोहांसी। पलारी ब्लॉक के ग्राम सीतापार स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में बदहाल व्यवस्थाओं के बीच बच्चों की पढ़ाई हो रही है। विद्यालय का भवन जर्जर हालत में है, जबकि करीब 60 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई महज दो कमरों में कराई जा रही है। एक कमरे में तीन और दूसरे कमरे में दो कक्षाओं का संचालन होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

विद्यालय परिसर में लगे दोनों बोरिंग लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके चलते छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और मध्यान्ह भोजन के लिए प्रतिदिन करीब 50 मीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। गर्मी और बरसात में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद न अतिरिक्त कक्षों का निर्माण हुआ और न ही पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की गई। जर्जर भवन में बच्चों की पढ़ाई से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों और पालकों ने जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग से विद्यालय का निरीक्षण कर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, खराब बोरिंग की मरम्मत और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment