बलौदाबाजार, 18 जुलाई 2026। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण महानदी, शिवनाथ नदी सहित कई छोटे-बड़े नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा बाढ़ आपदा, होमगार्ड और रेस्क्यू टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 4 से 5 फीट ऊपर पहुंच गया है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने एनीकट के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। साथ ही पुलिस बल एवं कोटवारों की तैनाती कर लोगों को नदी पार करने से रोका जा रहा है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय-समय पर सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने को कहा गया है।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव या बाढ़ की स्थिति में नदियों, एनीकटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने पर नदी में उतरने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है।