बरसात का कहर: खेतों में लबालब पानी, धान के पौधे डूबे… किसानों की बढ़ी चिंता

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

July 18, 2026


बलौदा बाजार/पलारी। जिले के बलौदा बाजार एवं पलारी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। क्षेत्र के कई गांवों में खेत-खलिहान पानी से लबालब भर गए हैं। जिन खेतों में पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है, वहां धान के पौधे पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। खेत अब छोटे-छोटे तालाब जैसे नजर आने लगे हैं।
पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई खेतों में पानी मेड़ों के ऊपर तक पहुंच गया है। जहां निकासी की व्यवस्था नहीं है, वहां बारिश का पानी ठहर गया है और धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है। लगातार पानी भरे रहने से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों की कई कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पलारी, बलौदा बाजार और आसपास के गांवों में सामान्य जनजीवन भी बारिश से प्रभावित हुआ है। खेतों में चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है और हरियाली के बीच जलभराव का नजारा किसानों की चिंता बढ़ा रहा है।
क्षेत्र में लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम का यही मिजाज बना रहा तो खेतों में भरे पानी से धान की फसल पर और अधिक असर पड़ सकता है। फिलहाल किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश थमने और खेतों से पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment