भारी बारिश के अलर्ट पर बिलासपुर प्रशासन सख्त, स्कूल बंद, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

SARJU PRASAD SAHU

July 18, 2026

बिलासपुर/मस्तूरी । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा अगले 48 से 72 घंटे के दौरान बिलासपुर जिले में आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजय अग्रवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12वीं तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को नियमित शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। हालांकि संस्था प्रमुख, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। विद्यालय भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने जिला एवं ब्लॉक स्तर के नियंत्रण कक्षों को तत्काल सक्रिय करने, नदी किनारे और निचले इलाकों में ग्राम कोटवारों के माध्यम से सार्वजनिक चेतावनी जारी करने तथा जल संसाधन विभाग को बांधों के जलस्तर की प्रति घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। डाउनस्ट्रीम गांवों को पानी छोड़े जाने से कम से कम तीन घंटे पहले सूचना देना अनिवार्य किया गया है।

पुलिस एवं यातायात पुलिस को सभी रपटों और कॉजवे पर मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा जलमग्न सड़कों और पुलों पर जीरो क्रॉसिंग नीति का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में प्राथमिक उपचार किट, सर्पदंश रोधी एंटीवेनम, क्लोरीन टैबलेट और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने तथा मेडिकल रैपिड रिस्पांस टीमों को 24 घंटे तैयार रखने को कहा गया है।

नगर निगम, नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों को जलभराव वाले क्षेत्रों में उच्च क्षमता वाले डी-वॉटरिंग पंप तैनात करने तथा नालियों और जल निकासी मार्गों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और मौसम जनित आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष टीम तैयार रखने को कहा गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें, आकाशीय बिजली के समय पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें तथा नदियों, बांधों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त रहेंगे। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे और बिना सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। आदेश की अवहेलना या आपदा प्रबंधन कार्यों में लापरवाही बरतने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment