बलौदाबाजार में पुलिस और युवाओं ने निकाली भव्य पैदल मार्च, यातायात नियमों के पालन की अपील

BIRENDRA KUMAR SEN

August 5, 2026

बलौदाबाजार में पुलिस और युवाओं ने निकाली भव्य पैदल मार्च, यातायात नियमों के पालन की अपील

बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा ‘एकता दिवस 2026’ के अवसर पर एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय कुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिस बल, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

​कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को रवाना किया। यातायात पुलिस तथा बलौदाबाजार फिजिकल व डांस एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में निकाला गया यह भव्य मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए गार्डन चौक पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।

​मार्च के दौरान शामिल युवाओं और पुलिसकर्मियों ने हाथों में सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों वाले पोस्टर और फ्लेक्स लेकर लोगों को जागरूक किया। शहरभर में यातायात सुरक्षा से जुड़े नारों के माध्यम से नागरिकों से नियमों का पालन करने तथा स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

​अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से विशेष अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का उपयोग करें, ट्रिपल राइडिंग न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी मजबूरी नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है।

​इस आयोजन को सफल बनाने में बलौदाबाजार फिजिकल व डांस एकेडमी के पुरुषोत्तम बंजारे, कान्हा यादव और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने अंत में सभी नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment