सारंगढ़ में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रामनामी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन, कलेक्टर ने वरिष्ठजनों को किया सम्मानित

BIRENDRA KUMAR SEN

August 5, 2026

सारंगढ़ में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रामनामी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन, कलेक्टर ने वरिष्ठजनों को किया सम्मानित

सारंगढ़-बिलाईगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रामनामी समुदाय आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का विशेष प्रदर्शन सरसीवा थिएटर में आयोजित किया गया। 72वें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित इस डॉक्यूमेंट्री को देखने के लिए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और रामनामी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में पहुंचे।

प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री में रामनामी समुदाय के इतिहास, उसकी स्थापना, धार्मिक आस्था और विशिष्ट जीवन शैली को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से उभारा गया है। इसमें दर्शाया गया है कि कैसे इस समुदाय के सदस्य अपने शरीर पर भगवान श्रीराम का नाम अंकित कर अपनी निष्ठा व्यक्त करते हैं। साथ ही, वार्षिक रामनामी मेले के आयोजन, धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और सामूहिक रामायण पाठ की गतिविधियों का जीवंत चित्रण फिल्म में किया गया है।

फिल्म प्रदर्शन के उपरांत कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं उपस्थित अधिकारियों ने रामनामी समाज के वरिष्ठ सदस्यों को शॉल, श्रीफल और रामायण ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया। समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन के इस कदम की सराहना की।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अपने संबोधन में कहा कि रामनामी समुदाय केवल सारंगढ़-बिलाईगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान है। इनकी परंपराएं और जीवन मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित यह डॉक्यूमेंट्री सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ति और जांजगीर-चांपा जिलों के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है, जिससे वैश्विक स्तर पर इस विरासत को पहचान मिलेगी।

​कार्यक्रम में बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक, सरसीवा तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरा आयोजन श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment