कोरबा में राशन विक्रेताओं की लंबित मांगों को लेकर मंत्रालय में बड़ी बैठक हुई। कमीशन वृद्धि, वित्तीय पोषण राशि और राशन वितरण अवधि बढ़ाने की मांग पर सरकार ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के राशन विक्रेताओं की लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को नया रायपुर मंत्रालय में खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले से राशन विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में राशन विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामदेव सिन्हा, प्रदेश संयोजक कमलेश जैन और प्रदेश प्रवक्ता नरोत्तम वैष्णव ने खाद्य सचिव के समक्ष कमीशन वृद्धि, लंबित वित्तीय पोषण राशि के भुगतान तथा राशन वितरण अवधि बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखी।
बैठक के दौरान कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा की स्थिति भी सामने रखी गई। जय सेवा स्व सहायता समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान में कुल 1782 राशन कार्ड दर्ज हैं। तकनीकी समस्याओं, सर्वर बाधा और बिजली कटौती जैसी परेशानियों के बीच अब तक लगभग 600 हितग्राहियों को राशन वितरण किया जा चुका है।
ग्रामीणों के अनुसार सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी एवं समिति के सदस्य सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लगातार मेहनत कर हितग्राहियों तक राशन पहुंचाने में जुटे हुए हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनकी सक्रियता और समर्पण ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
राशन विक्रेताओं ने शासन-प्रशासन से 15 मई तक निर्धारित राशन वितरण की समय सीमा को आगे बढ़ाने की मांग की है, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध कराया जा सके।