कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत मुढाली में सामाजिक एकता, स्वच्छता और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से गठित “आदर्श ग्राम सेवा समिति, मुढाली” आज जनजागरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। गांव के जागरूक युवाओं और ग्रामीणों द्वारा शुरू की गई यह पहल अब “मेरा गांव, मेरा परिवार” की सोच को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान बन चुकी है।
समिति के सदस्य गांव में घर-घर संपर्क कर लोगों को स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक सहयोग और आपसी भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव में सकारात्मक माहौल निर्मित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में नई ऊर्जा, जागरूकता और एकजुटता देखने को मिल रही है।
समिति द्वारा प्रेरणादायक पंपलेट वितरित कर ग्रामीणों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और गांव के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्था का मानना है कि सामूहिक प्रयासों और आपसी सहयोग से ही एक आदर्श, शिक्षित और आत्मनिर्भर गांव का निर्माण संभव है।
ग्रामीणों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास गांव में सामाजिक समरसता और विकास की नई मिसाल पेश कर रहे हैं। शासन से सहयोग की मांग आदर्श ग्राम सेवा समिति ने छत्तीसगढ़ शासन से अपील की है कि ऐसे जनहितकारी संगठनों को प्रोत्साहन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता और विकास कार्यों को और मजबूती मिल सके।