छुरा में ड्रग विभाग की दोहरी कार्रवाई, दो निजी अस्पतालों में एंटी-कैंसर दवाओं की जांच तो नवापारा कोसमी में मेडिकल स्टोर बंद,

BHUPENDRA SINHA

November 17, 2026

कैंसर की दवाइयों की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले, जांच में नहीं मिलीं एंटी-कैंसर दवाइयां; ड्रग लाइसेंस और दस्तावेज नहीं दिखाने पर हितेश मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई,

छुरा/ गरियाबंद :- छुरा में औषधि कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दवाइयों की अवैध खरीद-बिक्री पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विकासखंड छुरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने छुरा के दो निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर में एंटी-कैंसर दवाइयों की उपलब्धता एवं खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। वहीं, ग्राम नवापारा कोसमी में संचालित हितेश मेडिकल स्टोर में आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे तत्काल बंद करवा दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्रग कंट्रोलर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर के निर्देशन में जिला गरियाबंद के ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने छुरा स्थित लक्ष्मी नारायणा हॉस्पिटल एवं श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल के मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य रूप से एंटी-कैंसर दवाइयों की खरीदी-बिक्री, उपलब्धता और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। निरीक्षण में दोनों अस्पतालों के मेडिकल स्टोर में एंटी-कैंसर दवाइयां उपलब्ध नहीं पाई गईं।

नवापारा कोसमी में मेडिकल स्टोर बंद,

इसी क्रम में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने विकासखंड छुरा के ग्राम नवापारा कोसमी में संचालित हितेश मेडिकल स्टोर का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक हितेश से जब ड्रग लाइसेंस तथा दवाइयों की खरीदी-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया। इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर को बंद करवा दिया।

विभागीय स्तर पर संबंधित मेडिकल स्टोर के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच एवं विभागीय प्रक्रिया के आधार पर ड्रग लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।

दवा कारोबार में नियमों का पालन जरूरी,

औषधि विभाग की इन कार्रवाइयों का उद्देश्य दवाइयों की खरीद-बिक्री को निर्धारित नियमों के दायरे में रखना, वैध स्रोतों से दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में उपयोग होने वाली दवाइयों की सप्लाई चेन पर निगरानी रखना जरूरी है, ताकि इनका कारोबार अधिकृत माध्यमों से ही हो।

लगातार हो रहे औचक निरीक्षण से क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों में हलचल है। विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि औषधि कारोबार में नियमों की अनदेखी और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment