
कार्यस्थल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पेशेवरों को मिलेगा सम्मान
रायपुर। इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा 28 नवंबर 2026 को रायपुर स्थित होटल ग्रैंड इम्पेरिया में ‘ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों, पेशेवरों, संगठनों एवं संस्थानों को सम्मानित करना है।
संस्था के सह निदेशक डॉ. एम.एस. नवाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में सुरक्षा, पर्यावरण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पेशेवरों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड की पहल का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पेशेवर उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण और आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार समारोह में छह प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी। इनमें सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं स्थिरता, आपदा प्रबंधन, गुणवत्ता एवं EHSQ, नेतृत्व एवं नवाचार तथा अनुसंधान एवं नवाचार शामिल हैं।
इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम “दुर्घटना रोकथाम की ओर हरित पर्यावरण | सुरक्षित समुदाय” रखी गई है। यह थीम सुरक्षा संबंधी बेहतर कार्यप्रणालियों को मजबूत करने, पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने, आपदा जोखिमों को कम करने और आपदाओं का सामना करने में सक्षम सुरक्षित समुदायों के निर्माण के महत्व को दर्शाती है।
इस पहल के माध्यम से उद्योगों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न समुदायों में सक्रिय सुरक्षा संस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही व्यावसायिक सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण से जुड़ी नई चुनौतियों का सामना करने के लिए पेशेवर दक्षता, तकनीकी नवाचार, अनुसंधान और प्रभावी नेतृत्व को प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह आयोजन उत्कृष्ट कार्यों को पहचान दिलाने के साथ-साथ पेशेवर अनुभवों को साझा करने और सुरक्षित कार्यस्थलों एवं सतत विकास वाले समुदायों के निर्माण के लिए नए विचारों और दृष्टिकोणों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।


