योग में मिथलेश सिन्हा, पारंपरिक स्वास्थ्य में ओमप्रकाश साहू तथा पंडवानी में खेमिन निषाद मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित,
छुरा/ गरियाबंद :- राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में संभाग स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार, 7 सितंबर को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड से तीन विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ।
योग एवं आरोग्य के क्षेत्र में मिथलेश कुमार सिन्हा सम्मानित,
छुरा के योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा को योग, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा विगत लगभग 12 वर्षों से योग एवं आरोग्य के क्षेत्र में निरंतर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
पारंपरिक चिकित्सा एवं जनसेवा के लिए ओमप्रकाश साहू का सम्मान,
पारंपरिक चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों से सक्रिय वैद्य ओमप्रकाश साहू को भी सम्मानित किया गया। वे कम शुल्क में लोगों को पारंपरिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं। बताया गया कि वे सप्ताह में लगभग 300 लोगों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करते हुए पारंपरिक चिकित्सा को आमजन तक सहज एवं सुलभ रूप से पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी चिकित्सा सेवा का लाभ प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने भी लिया है। सेवा भावना एवं पारंपरिक चिकित्सा के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
पंडवानी एवं लोककला के लिए खेमिन निषाद सम्मानित,
गरियाबंद क्षेत्र की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं लोक कलाकार खेमिन निषाद, राजपुर को भी लोककला एवं पंडवानी गायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। पंडवानी जैसी पारंपरिक लोकविधा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोकपरंपरा एवं सामाजिक संदेशों को जीवंत बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम में इन तीनों प्रतिभाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा सम्मानित किए जाने पर उन्हें थानसिंग निषाद,निखिल साहू,शीतल ध्रुव, नंदकुमार साहू, कमलनारायण सिन्हा, घनश्याम साहू ,शीतल ध्रुव, ललित राठौर, नरसिंह सोम, बालचंद सिन्हा, अर्जुन धनंजय सिन्हा, परिवार जन ,मित्रगण , जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाज प्रमुखो एवम क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाएं दी।