छुरा /गरियाबंद :- ग्राम टेंगनाबासा में सिन्हा कलार समाज द्वारा समाज के आराध्य एवं इष्टदेव भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुनदेव की जयंती के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलार समाज के जिलाध्यक्ष अवधराम सिन्हा ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य लेखराज ध्रुवा, ग्राम पंचायत टेंगनाबासा की सरपंच श्रीमती राजकुमारी ध्रुव, भाजपा मंडल अध्यक्ष छुरा खोमन चंद्राकर, कलार समाज परिक्षेत्र छुरा के शिवलाल सिन्हा एवं भाजपा महामंत्री छुरा अशोक ठाकुर उपस्थित रहे। इसके अलावा समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मातृशक्तियां एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की मातृशक्तियों द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा ने पूरे गांव का भ्रमण किया। इसके पश्चात भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुनदेव के छायाचित्र पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उनके द्वारा नवनिर्मित मां टेंगनाही महिला ग्राम संगठन का लोकार्पण किया गया। साथ ही गांव में निर्माणाधीन सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन का भूमिपूजन भी किया गया।
मंचीय कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पमाला एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष अवधराम सिन्हा ने समाज की एकजुटता, सामाजिक संगठन की मजबूती तथा शिक्षा और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी सहयोग एवं सामाजिक सहभागिता के साथ समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने अपने उद्बोधन में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुनदेव के आदर्शों एवं उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, संगठन और आपसी सहयोग ही विकास की मजबूत नींव है। सामाजिक आयोजनों से लोगों में आपसी भाईचारा और एकजुटता बढ़ती है। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा विधायक रोहित साहू के समक्ष विभिन्न विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र प्रस्तुत किया गया। विधायक ने मांगों को सहर्ष स्वीकार करते हुए ग्राम टेंगनाबासा में कलार समाज भवन के सामने टीन शेड निर्माण, गांव के लिए एक अन्य टीन शेड निर्माण तथा महिला समूह के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण की घोषणा की।
विधायक की घोषणाओं से समाज के लोगों एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल रहा। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, सहयोग और क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ हुआ।


