चरित्र पर शक के चलते पति ने सोती हुई पत्नी पर बसुला से किया हमला, बेरहमी से की हत्या; चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोनाटार में चरित्र शंका के चलते पति द्वारा अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद भागने की फिराक में लगे आरोपी पति को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर रेलवे स्टेशन से घेराबंदी कर धर दबोचा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टोनाटार निवासी आरोपी लखन लाल बंजारे अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार संदेह करता था। इसी विवाद और शक के चलते आरोपी ने खौफनाक कदम उठाते हुए घर पर सो रही अपनी पत्नी पर धारदार बसुले से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस हरकत में आई और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर भागने की योजना बना रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी करते हुए रेलवे स्टेशन पर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक नग खून से सना बसुला, घटनास्थल से खून से सने कपड़े एवं अन्य महत्वपूर्ण फॉरेंसिक साक्ष्य जप्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- लखन लाल बंजारे, पिता बढ़ेरू उर्फ बोदरू (उम्र 61 वर्ष), निवासी ग्राम टोनाटार, थाना भाटापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा।
जप्त सामग्री:
- 01 नग खून से सना बसुला
- घटनास्थल से एकत्रित खून से सने कपड़े व फॉरेंसिक साक्ष्य