अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का भी होगा निर्माण, गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों को सहेजने की दिशा में होगा कार्य
महासमुंद/बसना। 27 नवंब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को बसना विकासखंड के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल गढ़फूलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और शबद कीर्तन में शामिल होकर श्रद्धा एवं भक्ति का अनुभव किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गढ़फूलझर को आने वाले समय में एक पवित्र धाम के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती सौभाग्यशाली है कि यहां गुरु नानक देव जी का पावन आगमन हुआ था। ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार उस समय यहां के राजा भैंना ने गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। आज इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित कर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फूलझर को ऐसा पवित्र स्थल बनाया जाएगा, जहां सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्व समाज के लोग आस्था और श्रद्धा के साथ पहुंच सकें। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सद्भाव और एकता का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। सिख समाज की लंगर परंपरा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को मजबूत करती है।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने गढ़फूलझर और नानकसागर के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नानकसागर के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन एवं सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की। इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गढ़फूलझर की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की जरूरत : विधायक संपत अग्रवाल
इस अवसर पर बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फूलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। जिस प्रकार छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में अपनी विशेष पहचान रखता है, उसी प्रकार गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियां भी गढ़फूलझर और नानकसागर से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी ने इस क्षेत्र में प्रवास किया था। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
विधायक ने कहा कि गढ़फूलझर एवं नानकसागर का सर्वांगीण विकास कर इसे पर्यटन, अध्यात्म और सामाजिक सद्भाव के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और गढ़फूलझर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।


