संविधान दिवस पर सांसद कमलेश जांगड़े ने विद्यार्थियों को दिलाया संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश
बलौदाबाजार। शासकीय दाऊ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार में 27 नवंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं पांडे अमित सिंह, लोकेश यादव, लोकनाथ जायसवाल एवं केशव यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. झा एवं प्राध्यापकगण द्वारा संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए किया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा के ऐतिहासिक योगदान तथा संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक भावना, सामाजिक समरसता तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS स्वयंसेवक, NCC कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. नीरज नामदेव, लेफ्टिनेंट मिंज, श्रीमती सुशीला गिलहरी, डॉ. नरेंद्र देव मिर्जा, श्रीमती तारा पटेल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय कुमार, श्री भानु साहू, श्री सूर्यकांत, श्री भोलाराम वर्मा सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।


