भावभीनी विदाई के साथ बी.एड. प्रशिक्षुओं का अध्यापन कार्य सम्पन्न, न्योता भोज में बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
नवापारा राजिम। पी.एम.श्री हरिहर सेजेस, गोबरा नवापारा एवं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला, नवापारा (राजिम) में चार माह तक अध्यापन कार्य करने वाले बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों का कार्यकाल पूर्ण होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बने आत्मीय रिश्ते ने सभी को भावुक कर दिया।
चार माह तक बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके साथ हंसी, खेल और जीवन के अनुभव साझा करने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की विदाई के समय विद्यालय का माहौल भावुक हो गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे अपने प्रिय शिक्षकों से बिछड़ने के गम में रो पड़े। बच्चों का अपने शिक्षकों के हाथ-पैर पकड़कर उन्हें जाने से रोकने का प्रयास वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
बच्चों ने अपने प्रिय प्रशिक्षु शिक्षकों को पेन, डायरी एवं गुलदस्ते भेंटकर सम्मानित किया। वहीं प्रशिक्षु शिक्षकों ने विदाई के अवसर पर विद्यालय परिसर में न्योता भोज का आयोजन किया, जिसमें बच्चों को स्वादिष्ट पूरी, चना एवं जलेबी परोसी गई। न्योता भोज पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम में पी.एम.श्री हरिहर सेजेस के प्राचार्य महेश नेताम सहित लीना देवांगन, कुन्तल देवांगन, सौरभ साहू, भोमेश देवांगन, ओंमकार साहू, चंद्रकांत धनकर, डॉली साहू, अल्फिया बानो तथा शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर, विनोद साहनी, अश्वनी साहू, बी.एल. साहू एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों दीपक साहू, मनीष कुमार, योगेश, करुणा, वंशिका तिवारी, रजनी एक्का एवं टिंकल राज राठिया के अध्यापन कार्य, समर्पण और बच्चों के प्रति आत्मीय व्यवहार की सराहना की गई। सभी शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चार माह का अध्यापन सफर भले ही समाप्त हो गया, लेकिन बच्चों के साथ बिताए गए अनमोल पल और उनका निश्छल स्नेह प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए हमेशा यादगार रहेंगे।
विदाई हुई है, रिश्ता नहीं… कक्षाएं छूटी हैं, यादें नहीं। यह आयोजन साबित कर गया कि शिक्षा केवल किताबों का ज्ञान देने तक सीमित नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का भी माध्यम है।


