रिकोकला में मितानिन दिवस पर सेवा-सम्मर्पित दीदियों का सम्मन।
सरपंच राज दीवान के नेतृत्व में पंचायत भवन में हुआ आयोजन, साड़ी एवं श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित
रिकोकला। वनांचल क्षेत्र सोनाखान तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रिकोकला में शुक्रवार को पंचायत भवन में मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर सेवा, समर्पण एवं जागरूकता का कार्य कर रही मितानिन दीदियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच राज कुमार दीवान, पंचायत सचिव प्रेमसाय पालेश्वर, उपसरपंच प्रतिनिधि हीरालाल दीवान, पंच प्रमोद साहू एवं राधेलाल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मितानिन दीपक बाई डड़सेना, रूखमणि डड़सेना, कविता डड़सेना, देववती डड़सेना, ओमलता ठाकुर, मनमोती बघेल, टुवाल बाई दीवान, बी.सी. शिवमोती ठाकुर एवं एम.टी. दुतिया जगत की उपस्थिति रही। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अहिल्या त्रिवेदी, जानकी दीवान एवं राधिका दीवान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सरपंच राज दीवान ने सभी मितानिन दीदियों को साड़ी एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, गांव के प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने तथा जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मितानिनों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
वहीं पंच प्रमोद साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि मितानिन दीदियां ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला हैं। वे गांव में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य करती हैं। उनका निःस्वार्थ सेवाभाव और मेहनत समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। मितानिन दीदियों का सम्मान वास्तव में गांव के स्वास्थ्य, खुशहाली एवं बेहतर भविष्य के लिए उनके योगदान का सम्मान है।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायत रिकोकला के जनप्रतिनिधियों ने मितानिन दीदियों के सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।


