रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे दर्शक,

BHUPENDRA SINHA

September 29, 2026

छुरा /गरियाबंद:- ट्रांसजेंडर गणेश उत्सव समिति छुरा के तत्वावधान में आयोजित गणेश उत्सव के अवसर पर अर्पण छत्तीसगढ़ी रिकॉर्डिंग डांस ग्रुप छुरा द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, परंपरा और कला पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद रहीं। अध्यक्षता नगर पंचायत छुरा के उपाध्यक्ष अब्दुल समीम खान रिजवी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजमहल से यशपेंद्र शाह, महेश्वरी शाह, पार्षद रामजी दीवान, हरीश यादव, सलीम मेमन, पंचराम टंडन, शांतनु देवांगन, यामीन खान, सभापति बलराज पटेल, चित्ररेखा ध्रुव, रजनी लहरे, दीप्ति यादव, इन्दु देवांगन, राजू यादव, संवाददाता मेशनंदन पांडे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आयोजक एवं पार्षद यामीन खान ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि गणेश उत्सव केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक भावना को बढ़ावा मिलता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने कहा कि छुरा की धरती पर आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम लोककला और परंपराओं को जीवंत रखने का सुंदर माध्यम हैं। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

वहीं पार्षद सलीम मेमन ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था के साथ मिल-जुलकर खुशियां बांटने का अवसर भी है। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच मिलना इस आयोजन की खास बात है।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। इस दौरान अर्पण छत्तीसगढ़ी रिकॉर्डिंग डांस ग्रुप छुरा के कलाकारों ने बारहमासी नृत्य सहित छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। पुराने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों को नए अंदाज में प्रस्तुत कर कलाकारों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

पारंपरिक वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। इसी क्रम में जय सतनाम संदेश पंथी डांस ग्रुप सिवनी द्वारा ऊर्जा और उत्साह से भरपूर पंथी नृत्य प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की लयबद्ध प्रस्तुति और जोशीले अंदाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंच पर छत्तीसगढ़ के उभरते कलाकारों प्रेमन ध्रुव, आकाश, नन्दू, दीपक एवं अक्षय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा समां बंधा कि देर रात तक दर्शक गीत-संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। आयोजन ने गणेश उत्सव में धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ी लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं का रंग भी भर दिया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment