महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी के नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश, ओडिशा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

SARJU PRASAAD SAHU

November 15, 2026

ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की एंड-टू-एंड कार्रवाई, गांजा परिवहन के लिए कार उपलब्ध कराने और मादक पदार्थ सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डाटा एनालिसिस के आधार पर गांजा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए ओडिशा के नुआपाड़ा जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश्वर नाग (56 वर्ष), निवासी राजा खरियार, शांतिनगर, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी धनेश्वर नाग गांजा परिवहनकर्ता को गांजा उपलब्ध कराने के साथ ही तस्करी के लिए अपनी डिजायर कार भी उपलब्ध कराता था। इस मामले में गांजा परिवहनकर्ता और गांजा मंगाने वाले आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

ऐसे खुलती गई तस्करी नेटवर्क की कड़ियां

मामले के अनुसार, 1 सितंबर 2025 को थाना कोमाखान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सफेद रंग की मारुति डिजायर कार क्रमांक OD 26 G 3624 से 22 किलो अवैध गांजा बरामद किया था। इस दौरान ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के निवासी किशन पटेल (47 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में किशन पटेल ने बताया कि धनेश्वर नाग ने रुपये का लालच देकर गांजा परिवहन के लिए अपनी कार उपलब्ध कराई थी। साथ ही गांजा दुर्ग जिले के खुर्सीपार निवासी आनंद देवार और महेश देवार के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान गांजा मंगाने वाले आनंद देवार (22 वर्ष) और महेश देवार (40 वर्ष), दोनों निवासी देवारपारा, खुर्सीपार, जिला दुर्ग को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और जब्त मोबाइल फोन के डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में गांजा उपलब्ध कराने और वाहन मुहैया कराने में धनेश्वर नाग की भूमिका सामने आई। इसके आधार पर महासमुंद पुलिस ने ओडिशा पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।

10 लाख 30 हजार 100 रुपये की संपत्ति जब्त

इस प्रकरण में पुलिस द्वारा कुल 22 किलो अवैध गांजा, जिसकी कीमत 3 लाख 30 हजार रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त डिजायर कार, जिसकी कीमत 7 लाख रुपये है, सहित 100 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 10 लाख 30 हजार 100 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. धनेश्वर नाग, पिता दुखु नाग, उम्र 56 वर्ष, निवासी राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) — गांजा उपलब्ध कराने एवं वाहन देने का आरोपी।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी:

  1.  किशन पटेल — गांजा परिवहनकर्ता।
  2.  आनंद देवार — गांजा मंगाने वाला।
  3.  महेश देवार — गांजा मंगाने वाला।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री में शामिल आरोपियों के विरुद्ध एंड-टू-एंड एवं वित्तीय जांच के आधार पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 90/2025, धारा 20(B)(II)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment