ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शत-प्रतिशत माल किया बरामद
बलौदाबाजार। जिले में ट्रकों से बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसदा रोड स्थित निरंजन ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रकों से बैटरी चुराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है।
मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है, जहां रिसदा रोड स्थित निरंजन ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रकों से अज्ञात चोरों द्वारा बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र व सूचनाओं के आधार पर तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग ₹21,000 मूल्य की 02 नग ट्रक बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- केशव कुमार ध्रुव (26 वर्ष), पिता शिवकुमार ध्रुव
- सूरज यादव (28 वर्ष), पिता साधराम यादव
- धनंजय साहू उर्फ राजू (21 वर्ष), पिता मिलन साहू
(तीनों आरोपी ग्राम रिसदा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के निवासी हैं।)
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। शत-प्रतिशत माल बरामदगी के साथ इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों ने राहत की सांस ली है।