ग्राम बया में बिंझवार समाज का नवा खाई मिलन समारोह संपन्न, विधायक कविता लहरे रहीं मुख्य अतिथि
शहीद वीर नारायण सिंह के आदर्शों पर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का लिया गया संकल्प
बलौदाबाजार:
जिले के अंतर्गत ग्राम बया में बिंझवार समाज द्वारा पारंपरिक और हर्षोल्लास के वातावरण में ‘नवा खाई मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलाईगढ़ की लोकप्रिय विधायक श्रीमती कविता लहरे उपस्थित रहीं। समारोह का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति से जोड़ना रहा।

शहीद वीर नारायण सिंह के जीवन संघर्षों पर प्रकाश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती कविता लहरे ने समाज को नवा खाई पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आदिवासी समाज के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह के जीवन संघर्ष व योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी पूरे समाज को प्रेरणा देते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी संस्कृति में नवा खाई पर्व के ऐतिहासिक व सामाजिक महत्व को विस्तार से रेखांकित किया।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ साझा की खुशियां
समारोह में समाज के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हुए एक-दूसरे को नवा खाई की बधाई दी और सामूहिक रूप से पारंपरिक भोजन ग्रहण किया। इस दौरान समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार और युवाओं की भागीदारी जैसे गंभीर विषयों पर भी मंथन किया गया।

वरिष्ठजनों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक ताना-बाना मजबूत होता है और पारंपरिक धरोहर जीवंत बनी रहती है। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी उपस्थित सामाजिक बंधुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।