राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस मनाया गया, युवाओं को स्वच्छता और नशामुक्ति का दिया संदेश,

BHUPENDRA SINHA

September 25, 2026

छुरा/ गरियाबंद:- शासकीय कचना धुरवा महाविद्यालय छुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर शिक्षक ढालूराम साहू ने युवाओं को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि बौद्धिक एवं व्यवहारिक रूप से भी सक्षम और संपन्न होना चाहिए।

समाजसेवी शीतल ध्रुव ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर युवाओं को व्यक्तित्व निर्माण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए “युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति” का जयघोष किया।

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य चंद्रहास पटेल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना देशभर में युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, समाजसेवा और जनहित के कार्यों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जब हम किसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ें तो लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

प्राचार्य ने कहा कि आज के डिजिटल युग में हम तकनीक से काफी हद तक जुड़ चुके हैं, लेकिन इसके साथ ही हमें अपने व्यक्तित्व का विकास करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि स्वयं का विकास करने के साथ समाज के विकास में सहयोग करना ही स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने का सार्थक माध्यम है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment