बलौदाबाजार-भाटापारा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: बया के जंगल में नग्न मिली लाश का राज, पिता ने बेटे की मौत का बदला लेने के लिए दे दी थी सुपारी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 9, 2026

गांजा तस्करी के वर्चस्व की लड़ाई में गई KP की जान, पुलिस ने AI और 1000 CCTV कैमरों से बिछाया जाल, रायपुर से दुर्ग तक दौड़ाकर पकड़े 5 आरोपी

बलौदाबाजार | बया चौकी क्षेत्र के मुरुमडीह-रायतुंम के बीच घने जंगल में 31 अक्टूबर को मिली एक अज्ञात युवक की नग्न लाश ने पूरे अंचल में सनसनी फैला दी थी। सीने पर ‘KP’ लिखा टैटू, शरीर पर चाकू के अनगिनत वार… पुलिस के लिए यह पूरी तरह से अंधा मामला था क्योंकि मृतक का इस जिले से कोई लेना-देना ही नहीं था।

लेकिन पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार किया और महज 9 दिनों में इस पेचीदा गुत्थी को सुलझा दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा और डीएसपी कसडोल कौशल किशोर वासनिक की विशेष टीम ने जो कहानी सामने लाई, वह गांजे के काले कारोबार, गैंगवार और एक पिता के प्रतिशोध की है।

जानते है पूरा मामला?

मृतक की पहचान महासमुंद निवासी करन डोंगरे उर्फ KP (20 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी दोनों ही गांजा तस्करी के अवैध धंधे से जुड़े थे। दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी विवाद में इसी अक्टूबर माह में दुर्ग निवासी अमरजीत सिंह सोनी के बेटे शिवा की हत्या हो गई थी। बेटे की मौत से बौखलाए अमरजीत ने बदला लेने की ठान ली और करन डोंगरे की हत्या की साजिश रची। उसने रायपुर और दुर्ग के युवकों को सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम देने को कहा।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

आरोपियों ने बड़ी ही शातिर योजना बनाई। करन के ही एक परिचित ने उसे महासमुंद में काम दिलाने का झांसा दिया।

संबलपुर क्षेत्र से उसे *KIA कार (क्रमांक CG 04 QB 5060)* में बैठाया गया, जबकि दूसरी टीम *वैगनआर कार (CG 07 CE 3638)* में पायलेटिंग करते हुए पीछे चल रही थी। दोनों वाहन पटेवा में एक जगह मिले और फिर उसे बया के सुनसान वनांचल में ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव के कपड़े उतारकर उसे नग्न अवस्था में फेंक दिया गया।

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए वैगनआर कार को रायपुर और नया रायपुर की गलियों में घुमाया गया, जबकि KIA कार को नेशनल हाईवे होते हुए संबलपुर की ओर भगा दिया गया।

AI और CCTV ने खोला राज

लेकिन आरोपी पुलिस की तकनीकी पकड़ से बच नहीं सके।

1. 1000 से अधिक CCTV खंगाले:* बया से लेकर पटेवा, नया रायपुर, सरायपाली और रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा तक के कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

*2. AI तकनीक का इस्तेमाल:* संदिग्ध वाहनों की आवाजाही के पैटर्न को AI टूल्स से मिलान कर दोनों कारों की पहचान पक्की की गई।

*3. टायरों के निशान:* घटनास्थल पर मिले दो अलग-अलग टायरों के निशान से दो गाड़ियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

KIA कार के मूवमेंट से पहले आरोपी को पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर दुर्ग पुलिस के सहयोग से दुर्ग में दबिश देकर सभी आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

1. मोह. अनस असरफी (22 वर्ष), मोवा, थाना पंडरी, रायपुर

2. सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान (24 वर्ष), मोवा, रायपुर

3. राज यादव उर्फ सांई (18 वर्ष), मोहन नगर, दुर्ग

4. राहुल दास मानिकपुरी (19 वर्ष), उरला, दुर्ग

5. मुख्य साजिशकर्ता अमरजीत सिंह सोनी (47 वर्ष), उरला, दुर्ग

इनके अलावा 2 नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही हत्या और मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू, दोनों कारें और एक स्कूटी जब्त कर ली है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment