ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद में 81.20 लाख के गांजा के साथ पुणे के दो तस्कर गिरफ्तार, इनोवा कार भी जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी इनोवा कार से 132 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 81 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के परिवहन की रोकथाम हेतु लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार (क्रमांक MH 04 GM 8841) गांजा लेकर आ रही है। सूचना मिलते ही थाना बसना और ANTF की टीम ने रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। जैसे ही संदिग्ध कार पहुंची, पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
गाड़ी की सघन तलाशी लेने पर उसमें से 132 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध (कंधमाल) से लोड कर पुणे (महाराष्ट्र) खपाने ले जा रहे थे। सटीक सूचना और त्वरित एक्शन से तस्करों के अंतरराज्यीय नेटवर्क को समय रहते ध्वस्त कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- गणेश बाजे (उम्र 42 वर्ष), पिता रामदास बाजे, निवासी पिपलवंडी, थाना अनेपारा, जिला पुणे (महाराष्ट्र)।
- विपुल भालेराव (उम्र 36 वर्ष), पिता रामचंद्र भालेराव, निवासी कलंब, तालुका आबेगांव, जिला पुणे (महाराष्ट्र)।
जब्त मशरूका:
- 132 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 66 लाख रुपये)
- एक इनोवा कार MH 04 GM 8841 (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)
- 02 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये)
- कुल अनुमानित मूल्य: 81,20,000 रुपये
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कड़ियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।