महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 40 लाख का गांजा जब्त, महिला समेत ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

September 24, 2026

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 40 लाख का गांजा जब्त, महिला समेत ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय सीमा पर घेराबंदी कर एक कार से 80.400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में ओडिशा निवासी एक युवती और युवक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 40 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर पुलिस टीम वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक कार में महिला और पुरुष भारी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने तत्काल राजमार्ग पर नाकेबंदी की और संदिग्ध कार (क्रमांक DL 2 CAX 0153) को रुकवाकर तलाशी ली। वाहन के भीतर छिपाकर रखा गया 80.400 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान कार चालक ने अपना नाम अभिजीत डिगाल (23 वर्ष, निवासी रायकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा) तथा बगल की सीट पर बैठी महिला ने अपना नाम जयश्री प्रधान (26 वर्ष, निवासी किलाकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा) बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को कंधमाल (ओडिशा) से रायपुर (छत्तीसगढ़) खपाने के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस ने मौके से 40.20 लाख रुपये का 80.400 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त 8 लाख रुपये मूल्य की कार और 20 हजार रुपये कीमत के 2 मोबाइल फोन सहित कुल 48 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

कोमाखान पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/2026, धारा 20(B)(II)(C) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने के लिए ‘एंड टू एंड’ जांच कर रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment