महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.610 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 2 लाख 30 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 30 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में बाइक सवार ने अपना नाम लोकेश यादव (24 वर्ष), पिता किशोरी लाल यादव, निवासी गोसलपुर हृदयनगर, थाना गोसलपुर, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया। संदेह के आधार पर उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 4.610 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने गांजा संबलपुर (ओडिशा) से जबलपुर (मध्यप्रदेश) बिक्री के उद्देश्य से ले जाना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एप्पल कंपनी का मोबाइल जब्त किया।
कुल 3 लाख 30 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति में 4.610 किलोग्राम गांजा कीमत 2,30,500 रुपये, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल कीमत 70,000 रुपये तथा एक मोबाइल फोन कीमत 30,000 रुपये शामिल हैं। इस प्रकार कुल 3,30,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(B) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।


